Home उत्तर प्रदेश रामकोला में 50 वर्षीय पर चाकू से जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रामकोला में 50 वर्षीय पर चाकू से जानलेवा हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

घायल का लखनऊ KGMU में चल रहा इलाज, आरोपी के पास से चाकू का हत्था और मोबाइल बरामद
KUSHINAGAR NEWS: रामकोला थाना क्षेत्र के कठिनहियां गांव में 22 जुलाई की देर रात 50 वर्षीय रामसनेही यादव पर हुए जानलेवा चाकू हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी खड्डा वीरेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी भूषण खरवार पुत्र उत्तीम खरवार, निवासी ग्राम पटेरा, थाना नेबुआ नौरंगिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू का हत्था (मुठिया) और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक नागेंद्र चौहान, कांस्टेबल अमरजीत यादव, कांस्टेबल राजीव यादव तथा रिक्रूट कांस्टेबल हिमांशु सोनकर शामिल रहे। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रामसनेही यादव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामकोला ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और बाद में बेहतर उपचार के लिए केजीएमयू, लखनऊ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।