Home उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष में 8 पीड़िताओं को आर्थिक...

रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष में 8 पीड़िताओं को आर्थिक सहायता स्वीकृत

AURAIYA NEWS: जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत पीड़िताओं को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के संबंध में जिला संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के समक्ष कुल 18 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। परीक्षण के उपरांत समिति ने 8 मामलों का निस्तारण करते हुए कुल 24 लाख रुपये की आर्थिक क्षतिपूर्ति एवं राहत राशि स्वीकृत करने की संस्तुति की। वहीं 2 मामलों को समाज कल्याण विभाग को स्थानांतरित किया गया, जबकि 8 प्रकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर निरस्त करने की संस्तुति की गई। डीएम बृजेश कुमार ने कहा कि महिला एवं बाल सम्मान कोष से जुड़े मामले अत्यंत संवेदनशील हैं। ऐसे प्रकरणों की सुनवाई एवं निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध ढंग से न्याय एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती,संयुक्त निदेशक अभियोजन अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक राजीव सिंह,सहायककोषाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।