बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद बिहार जमुई में तैनात जवान की हो गई थी मौत
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के बढ़वारी कला गांव निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ जवान संतोष तिवारी की बुधवार को अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान शाम 5 बजे के करीब मौत हो गई थी। सीआरपीएफ जवान के मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची तो पारिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक बढ़वारी कला गांव के रहने वाले 42 वर्षीय संतोष तिवारी पुत्र श्यामा कांत तिवारी बिहार के जमुई जिले में सीआरपीएफ में तैनात थे। वह दो दिन पहले घर से ड्यूटी पर लौटे थे। परिजनों के मुताबिक बुधवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें मुगलसराय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान बुधवार को शाम करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई कलेक्टर तिवारी ने बताया कि बुधवार दोपहर संतोष तिवारी ने फोन कर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। इसके कुछ घंटे बाद ही उनकी मृत्यु की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल मुख्यालय के लिए रवाना हो गए थे। संतोष तिवारी अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। वह दो बच्चों के पिता थे। जवान की आकस्मिक मौत से परिवार में शोक की लहर है। गुरुवार को शाम 4 बजे के करीब जैसे ही मृतक जवान का शव घर पहुंचा तो क्षेत्र के भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। कोरांव विधायक राजमणि कोल, तहसीलदार राम मूरत, थाना प्रभारी कोरांव सत्येंद्र कुमार भी पहुंचे और मृतक जवान को सलामी दी। गुरुवार को ही देर शाम क्षेत्र के सिरसा गंगा घाट पर मृतक सीआरपीएफ जवान संतोष तिवारी का राजकीय सम्मान के साथ दाह संस्कार किया गया। जहां क्षेत्र के भारी संख्या में लोग पुलिस एवं सीआरपीएफ के जवान मौजूद रहे।







