KAUSHAMBI NEWS: शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत जनपद कौशांबी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, केसारी में तैनात प्रधानाचार्य नीरज कुमार केसरी का स्थानांतरण प्रयागराज कर दिया गया है। उन्हें सह जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रयागराज के पद पर नई तैनाती दी गई है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव द्वारा 31 मई को जारी आदेश में नीरज कुमार केसरी सहित कई अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा और उन्हें प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना कार्यमुक्त किया जाएगा। नीरज कुमार केसरी पिछले दो साल से पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, केसारी में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में विद्यालय की शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों में सुधार के प्रयास किए गए। उनके प्रयागराज स्थानांतरण की सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों व विद्यालय परिवार में चर्चा का विषय बना रहा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासन के निर्देशानुसार स्थानांतरण आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है तथा शीघ्र ही कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।







