Home उत्तर प्रदेश योग से स्वस्थ भारत का संकल्प होगा साकार : राज्य मंत्री गिरीश...

योग से स्वस्थ भारत का संकल्प होगा साकार : राज्य मंत्री गिरीश यादव

JAUNPUR NEWS: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद के विभिन्न हिस्सों में भव्य योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं में आयोजित योग शिविरों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान योग को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जनपद मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया तथा प्रधानमंत्री के योग संदेश का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की विधा नहीं, बल्कि मानसिक स्थिरता, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक चिंतन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त जीवन जी सकता है तथा राष्ट्र को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने में योगदान दे सकता है। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह “प्रिंशु”, पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाध्यक्ष मछलीशहर अजय सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।