JAUNPUR NEWS: खेतासराय क्षेत्र में बीते दिनों दूल्हे आजाद बिंद की हत्या की सनसनीखेज घटना के बाद सोमवार को कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बडउर गांव स्थित उनके आवास पहुंचा। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान जौनपुर सदर के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता नदीम जावेद ने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की नगद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही परिजनों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने मोबाइल फोन के माध्यम से पूर्व विधायक की पीड़ित परिवार से वार्ता भी कराई। परिजनों से बातचीत के बाद जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो गया है और प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि विवाह के लिए जा रहे दूल्हे की दिनदहाड़े हत्या बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, जो शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को अविलंब न्याय दिलाया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल, सभासद शहनवाज मंजूर, दिनेश तिवारी, जय मंगल यादव, जयप्रकाश मिश्रा, सद्दाम प्रधान, राजकुमार गुप्ता, इकबाल हुसैन, मोहम्मद ताहिर, आदिल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







