JAUNPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन व अन्य जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में मुख्यमंत्री के लखनऊ से प्रसारित संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसे उपस्थित शिक्षामित्रों और अधिकारियों ने देखा। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अतिथियों ने अवलोकन किया। मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों की वर्षों पुरानी मांग को शासन ने स्वीकार कर मानदेय बढ़ाने का सराहनीय निर्णय लिया है। साथ ही शिक्षामित्रों को चिकित्सकीय कैशलेस सुविधा से भी जोड़े जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने इसे शिक्षामित्रों के सम्मान का ऐतिहासिक दिन बताया, वहीं एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु ने प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने में शिक्षामित्रों की भूमिका को बेहद अहम बताया। कार्यक्रम के दौरान आठ शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से 18-18 हजार रुपये के चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। बढ़े हुए मानदेय से शिक्षामित्रों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। इस मौके पर नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र व मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।







