Home उत्तर प्रदेश सपा के पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह पीड़ितों के साथ पहुंचे डीएम कार्यालय,...

सपा के पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह पीड़ितों के साथ पहुंचे डीएम कार्यालय, सौंपा मांग पत्र 

डीएम ने दिया आश्वासन – जांच कराई जाएगी, किसी गरीब की जमीन नहीं ली जाएगी
KUSHINAGAR NEWS: समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह मंगलवार को पट्टन और सोनवसा के पीड़ित ग्रामीणों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने डीएम को मांग पत्र सौंपकर काश्तकारी की जमीनों पर हो रहे बेदखली के प्रयास को रोकने की मांग की। डीएम कार्यालय के बाहर मीडिया से बात करते हुए राधेश्याम सिंह ने कहा कि पट्टन गांव में लगभग 100 एकड़ जमीन को लेकर लोगों को बेघर करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई दशकों पहले काश्तकारी की जमीन बैनामा कराई थी और 50 सालों से उस पर काबिज हैं। खारिज-दाखिल भी हो चुका है। उन्होंने डीएम से मांग की कि जिन लोगों के पास बैनामा और कब्जे के कागज हैं, उनके दस्तावेजों की जांच की जाए। अगर कागज सही हैं तो किसी गरीब को दबाव में आकर बेदखल न किया जाए। पूर्व मंत्री ने कहा “अगर सरकारी जमीन पर सरकारी निर्माण होगा तो हम उसका समर्थन करेंगे। लेकिन अगर किसी को बेदखल करके निर्माण कराया जाएगा तो हम उसका विरोध करेंगे।” इस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि “किसी गरीब की एक इंच जमीन नहीं ली जाएगी और सरकार की एक इंच जमीन भी किसी को नहीं दी जाएगी।” डीएम ने पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम गठित करने की भी बात कही। राधेश्याम सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पीड़ितों को न्याय मिलेगा। न्याय न मिलने पर आंदोलन किया जाएगा इस दौरान,कुशीनगर सपा से सांसद प्रत्यासी, पिन्टू सिंह सैथवार, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी, सहित तमाम कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।