FATEHPUR NEWS: जनगणना-2026 के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान को गति देने के लिए शनिवार को विकास भवन सभागार में “मीडिया डे” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने की, जिसमें जनपद के विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर द्वारा स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। साथ ही संबंधित वीडियो क्लिप का प्रदर्शन कर ऑनलाइन पंजीकरण और विवरण भरने की विधि बताई गई। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने उत्साहपूर्वक स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करते हुए अपनी स्व-गणना पहचान संख्या (SEID) भी जनरेट की। अपर जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और सरल है, जिससे आम नागरिक आसानी से घर बैठे अपनी जनगणना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से समय की बचत होती है और आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे जनसामान्य को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भागीदारी कर सकें। “चलो निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में अपनी भागीदारी” संदेश के साथ उन्होंने सभी नागरिकों से निर्धारित अवधि 7 मई से 21 मई 2026 के बीच अपनी स्व-गणना अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का आग्रह किया।





