MIRZAPUR NEWS: बुधवार को आए तेज चक्रवाती तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई। शहर और आसपास के इलाकों में कई जगह पेड़, हाई मास्क पोल और फ्लेक्स बोर्ड गिरने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। आंधी इतनी भयावह थी कि लोगों की रूह तक कांप गई। लेबर कॉलोनी के पास तेज तूफान के दौरान आम का पेड़ गिर गया, जिसके बाद आम लूटने की होड़ मच गई। वहीं जिला अस्पताल के पास एक विशाल पेड़ सड़क किनारे खड़ी बाइक पर गिर पड़ा, जिससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अटल चौक विंध्याचल पर लगा हाई मास्क पोल भी तूफान की चपेट में आकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहा एक ऑटो चालक गिरे हुए पोल से टकरा गया, जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया।
घटना के बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पवन यादव और रवि कुमार ने मौके पर बैरिकेडिंग कर रास्ते को सुरक्षित कराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। तेज तूफान के चलते शास्त्री ब्रिज को एहतियातन बंद करना पड़ा। कचहरी परिसर स्थित जिला सहकारी बैंक के पास भी एक विशाल पेड़ भी गिर गया। पेड़ गिरने से हड़कंप मच गया। तूफान की चपेट में आने से कई इलाकों की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। जगह-जगह बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।







