Home उत्तर प्रदेश मातृ दिवस पर कम्पोजिट विद्यालय इजूरा खुर्द में सृजनात्मक कार्यक्रम

मातृ दिवस पर कम्पोजिट विद्यालय इजूरा खुर्द में सृजनात्मक कार्यक्रम

बच्चों ने प्रस्तुत की भावनात्मक अभिव्यक्ति
FATEHPUR NEWS: कम्पोजिट विद्यालय इजूरा खुर्द में मातृ दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं सृजनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया गया। संचालन आदर्श शिक्षक गौरव सिंह भदौरिया ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मां हमारे जीवन की प्रथम गुरु होती है, जिनके त्याग, स्नेह और संस्कार अमूल्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर व चार्ट निर्माण, कविता लेखन एवं वाचन तथा ग्रीटिंग कार्ड बनाने जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी कला और भावनाओं के माध्यम से मां के प्रति प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। कई विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। इस दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए चित्र और पोस्टर आकर्षण का केंद्र रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की रचनात्मकता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक कृपाशंकर, सहायक अध्यापक सुभाष चंद्र, कीर्ति कुमार तथा शिक्षक मित्र अभिलाष कुमार सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।