KAUSHAMBI NEWS: कड़ा क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित गेस्ट हाउस में रविवार को महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बालिकाओं को साइकिल व पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक शिव प्रकाश सोनकर की ओर से मां सावित्री बाई फुले वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वाधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों व छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय अकबरपुर, कानपुर देहात के प्रधानाचार्य संजू सिंह रही, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस संतोष कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सावित्री बाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बालिकाओं को आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि ने कहा कि बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना समय की मांग है, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। कार्यक्रम के दौरान 22 बालिकाओं को साइकिल व 50 छात्राओं को पुस्तकों के सेट वितरित किए गए, जिससे उनकी शिक्षा में सहूलियत मिले। आयोजक शिव प्रकाश सोनकर ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महिला शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नागेंद्र सिंह, कोमल सिंह, पूजा मौर्या, पारसनाथ मौर्य, मनीष मौर्य सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग, अभिभावक व छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन सूरज सिंह कुशवाहा ने किया।







