बरामद हुई चोरी की भैंस, देर रात घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी PRAYAGRAJ NEWS: पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के थाना खीरी पुलिस ने भैंस चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को चोरी की भैंस समेत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। बताया गया कि थाना खीरी क्षेत्र के ग्राम सुरैचा निवासी ललित कुमार मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 मई की शाम उनकी भैंस को मितईया तालाब के पास से कुछ लोग पिकअप वाहन में लादकर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना खीरी में मुकदमा संख्या 78/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। पुलिस आयुक्त प्रयागराज के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मोहन सिंह के नेतृत्व में थाना खीरी पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में शनिवार देर रात करीब 12:18 बजे पुलिस ने सलैयाकला एनटीपीसी तालाब मार्ग के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को चोरी की भैंस के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में बबलू कोल पुत्र दीवान तथा कपिल पुत्र छोटे लाल निवासी ग्राम ओबरी थाना खीरी, जबकि शेरू कुरैशी पुत्र समी उल्ला एवं समद खान पुत्र जमसील खान निवासी खीरी तुर्क पुरवा थाना खीरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी की भैंस बरामद होने पर मुकदमे में धारा 317(2) और 317(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कहते रहे। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शशिकांत, उपनिरीक्षक रामअधार यादव, हेड कांस्टेबल गोरख यादव, कांस्टेबल रमेश कुमार एवं कांस्टेबल बलिराम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







