दुर्घटना नहीं, साजिश के तहत जेसीबी से कुचलकर हत्या करने का लगाया आरोप
FATEHPUR NEWS: थाना असोथर क्षेत्र के ग्राम बुरा बगहा सरकंडी निवासी अवधेश तिवारी पुत्र रामेश्वर तिवारी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अपने पुत्र की मौत को दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में अवधेश तिवारी ने बताया कि 16 जून 2026 को उनके पुत्र अतुल तिवारी को गांव के ही धनंजय सिंह पुत्र दलजीत सिंह उर्फ बाबा सिंह निवासी तेली कुआं सरकंडी मिट्टी भराई के कार्य के लिए अपने साथ ले गया था। अतुल तिवारी पिछले लगभग तीन वर्षों से धनंजय सिंह की जेसीबी के साथ ट्रैक्टर लगाकर मिट्टी भराई का कार्य करता था।
पीड़ित के अनुसार घटना वाले दिन कुसियापुर मोड़ के पास खुदाई का कार्य चल रहा था, जहां धनंजय सिंह की जेसीबी कार्य कर रही थी। इसी दौरान अतुल तिवारी ने धनंजय सिंह से अपने चार से पांच लाख रुपये के बकाया भुगतान की मांग की। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद धनंजय सिंह ने अपने भाइयों अभिषेक और अनुज को मौके पर बुला लिया। पीड़ित का आरोप है कि तीनों ने मिलकर अतुल तिवारी के साथ अभद्रता की और जेसीबी चालक को उकसाते हुए उसे जेसीबी से कुचल देने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद अतुल तिवारी को जेसीबी से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई और घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। अवधेश तिवारी ने बताया कि अगले दिन उन्हें पड़ोसी बाबूलाल तिवारी से पुत्र की मौत की सूचना मिली। जब वह घटनास्थल पहुंचे तो वहां से शव हटाया जा चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद मामले में सही कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाना असोथर पुलिस ने विपक्षियों से मिलीभगत कर मामले को दुर्घटना मानते हुए एफआईआर संख्या 132/2026 धारा 281 एवं 106(1) बीएनएस के तहत दर्ज कर ली। उनका कहना है कि उनके पुत्र राहुल तिवारी से सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाकर दुर्घटना संबंधी रिपोर्ट दर्ज की गई, जबकि वास्तविकता हत्या की है। पीड़ित पिता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दर्ज एफआईआर को निरस्त करने तथा हत्या सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय से वंचित किया जा रहा है और परिवार भय व असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।







