पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस ने वीडियो जारी कर नगर की बदहाली पर उठाए सवाल
FATEHPUR NEWS: लगातार दो दिनों से हो रही तेज बारिश ने खागा नगर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। बारिश के बाद नगर के कई मोहल्लों और गलियों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से कुछ घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया। खागा निवासी पूर्व डीआईजी एवं पूर्व प्रत्याशी सपा नेता रामतीर्थ परमहंस ने जलभराव का एक वीडियो जारी कर नगर की बदहाल व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में वह अपने घर के कमरे और किचन तक भरे पानी को दिखाते हुए जलनिकासी की स्थिति को उजागर करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद गलियों में लंबे समय तक पानी भरा रहता है। स्थिति यह है कि जरूरी काम से बाहर निकलने के लिए लोगों को पैंट-पायजामा उतारकर हाफ पैंट में पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इसके बाद वाहन में बैठकर कपड़े बदलने की नौबत आती है। पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस ने कहा कि खागा नगर में जलनिकासी की व्यवस्था बेहद दयनीय है। हर बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर नगर की जलनिकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। बारिश के साथ सामने आई जलभराव की यह तस्वीर नगर की व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।







