FATEHPUR NEWS: प्राथमिक विद्यालय ओरम्हा-प्रथम, विकासखंड ऐरायां में सोमवार को वृक्षाबन्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह मौजूद रहे। इस दौरान पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर उनके संरक्षण और सुरक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी रत्नामणि मिश्रा ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पेड़ों की रक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से वृक्षाबन्धन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वृक्षाबन्धन पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा कार्यक्रम है, जिसमें पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों में पेड़ों के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना है। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनुज प्रताप सिंह ने शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय ओरम्हा के प्रभारी प्रधानाध्यापक उमेश कुमार मौर्य, ऐरायां के एआरपी आकाश कुमार सिंह, विद्यालय के शिक्षक अंशुल श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।







