PRAYAGRAJ NEWS: बारा क्षेत्र में बैंक धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक खाताधारक के खाते से बिना जानकारी के करीब 3 लाख रुपये निकाले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक और बैंक कर्मियों की मिलीभगत की आशंका जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारा थाना क्षेत्र के ग्राम रिंगवा निवासी अखिलेश कुमार बिंद, जो ठंदा व िठंतवकं की जसरा बाजार शाखा के खाताधारक हैं, ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, बैंक में उनके दो खाते एक बचत और एक चालू खाताकृसंचालित हैं, जिनका उपयोग वे नियमित रूप से करते थे। पीड़ित ने बताया कि गांव के रिंगवा चैराहे पर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर उनका अक्सर आना-जाना रहता था, जहां उनकी पहचान केंद्र संचालक ओम प्रकाश से हुई। फरवरी 2026 में एटीएम कार्ड में खराबी आने पर उन्होंने अपने दोनों कार्ड संचालक को ठीक कराने के लिए दे दिए थे।
अखिलेश के मुताबिक, कुछ दिनों बाद कार्ड वापस मिल गए, लेकिन 15 मार्च 2026 से उनके खातों से धीरे-धीरे रकम निकलनी शुरू हो गई। हैरानी की बात यह रही कि खाते से पैसे निकलने के बावजूद उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कोई भी बैंक अलर्ट या मैसेज प्राप्त नहीं हुआ। जब निकासी का सिलसिला जारी रहा, तो उन्हें संदेह हुआ और 18 अप्रैल 2026 को बैंक जाकर खातों की जांच कराई। स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि उनके खातों से विभिन्न माध्यमों से करीब 3 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। पीड़ित का यह भी दावा है कि उनका यूपीआई अकाउंट भी हैक कर लिया गया था।
अखिलेश कुमार बिंद ने आरोप लगाया है कि इतनी बड़ी रकम बिना बैंक की जानकारी के निकलना संभव नहीं है, इसलिए इसमें ग्राहक सेवा केंद्र संचालक और कुछ बैंक कर्मियों की मिलीभगत हो सकती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य खाताधारकों में भी भय का माहौल है। लोग अपने खातों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल पुलिस और बैंक प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।







