सिंचाई विभाग को कटाव वाले हिस्सों की तत्काल मरम्मत, एसडीएम को फसल सर्वे कराने का आदेश
SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में अत्यधिक वर्षा और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका के दृष्टिगत जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शुक्रवार को तटबंधों का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ की तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए कूड़ा नदी मोहाना, घोघी नदी लोटन, कूड़ा नदी रामनगर, तेलार नाला (सड्डा), बूढ़ी राप्ती नदी भुतहिया व गंगवल और राप्ती नदी संगलदीप के तटबंधों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड को निर्देशित किया कि सभी जेई और कर्मचारी लगातार कटान वाले स्थलों और तटबंधों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। डीएम ने उपजिलाधिकारी को भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के खेतों में अधिक पानी भर गया है, उसका तत्काल सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति दिलाई जाए। इसके अतिरिक्त, जलभराव वाले गांवों में लोगों की सुविधा के लिए नाव इत्यादि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया गया।
निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड कृपा भारती, सतीश कुमार, जेई सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।







