PRATAPGARH NEWS: मंगलवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डा. भीमराव रामजी आंबेडकर बाबा साहेब की 135वीं जयंती उमंग और उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में रानीगंज के द्वारिका नरहरपुर में भाजपा नेता आलोक कुमार पांडेय ने बच्चों के साथ बाबा साहेब की जयंती मनाई। बच्चों को बाबा साहेब के जीवनवृत्त से परिचित कराया गया। साथ ही पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें कापी और पेन भी वितरित किया गया। रानीगंज के द्वारिका नरहरपुर गांव में अरविंद गौतम के संयोजन में बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विशेष रूप से स्कूली बच्चों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आलोक कुमार पांडेय ने बच्चों को बाबा साहेब के जन्म, उनके जीवन के संघर्षों और संविधान निर्माता बनने तक की कहानी विस्तार से सुनाई। इसके साथ ही भाजपा नेता ने संविधान की मूल संकल्पना को लेकर बाबा साहेब द्वारा व्यक्त किए विचार को पढ़कर सुनाया। इस दौरान वहां मौजूद बच्चों के साथ ही अन्य सभी लोगों ने मूल संकल्पना को दोहराया। भाजपा नेता ने बच्चों को बाबा साहेब के बताए गए आदर्शों और उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प भी दिलाया। बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कापी और पेन का भी वितरण किया गया। इस दौरान संजय श्रीवास्तव, शिव प्रसाद, पवन, योगेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद समेत सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।







