KAUSHAMBI NEWS: विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई, नेवादा में “पृथ्वी हमारी, हमारा ग्रह” थीम पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के भीतर प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम का संचालन नोडल ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह की अगुआई में किया गया। इस दौरान बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पृथ्वी के महत्व से अवगत कराया गया। विशेष रूप से रोल प्ले के जरिए बच्चों ने पृथ्वी का प्रतीकात्मक मॉडल प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों की सहभागिता और प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर शिक्षक प्रतिमा कुमारी ने बच्चों को पृथ्वी दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में जागरूकता बढ़ती है और वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनते हैं। यह शिक्षा उनके भविष्य के साथ-साथ दैनिक जीवन में भी उपयोगी सिद्ध होगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी ने ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह व पूरी इको क्लब टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक अन्नू केसरवानी, चक्रपाणि मिश्रा, मनु शर्मा, विजेता कनौजिया, सपना श्रीवास्तव सहित विद्यालय की रसोइया एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







