FATEHPUR NEWS: पुलिस पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने की, जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में पुलिस पेंशनरों ने प्रतिभाग किया। संगोष्ठी के दौरान पेंशनरों ने अपनी पेंशन संबंधी दिक्कतें, चिकित्सा सुविधाओं में आ रही परेशानियां, बैंकिंग सेवाओं से जुड़े मुद्दे तथा अन्य प्रशासनिक समस्याएं खुलकर रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस पेंशनर विभाग की महत्वपूर्ण धरोहर हैं, जिनके अनुभव और सेवाएं हमेशा प्रेरणादायक रही हैं। उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी थरियांव वीर सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन प्रगति यादव सहित बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक भी मौजूद रहे। बैंक प्रतिनिधि ने पेंशनरों को बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा पुलिस अधीक्षक समेत उपस्थित अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। संगोष्ठी के सफल आयोजन पर पेंशनरों ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन का आभार जताया।





