Home उत्तर प्रदेश पुलिस अधीक्षक ने भर्ती परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का...

पुलिस अधीक्षक ने भर्ती परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

FATEHPUR NEWS: जनपद में आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सघन चेकिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं निष्ठा के साथ करें। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा भर्ती परीक्षा को सकुशल, सुरक्षित एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।