कोड़ारवर गांव में लगा विधिक शिविर, ग्रामीणों को बताए गए कानूनी अधिकार
FATEHPUR NEWS: (ईएमएस)। खागा तहसील क्षेत्र के ऐरायाँ विकासखंड अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के कोड़ारवर गांव में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान रामजीत सिंह पटेल के दरवाजे पर आयोजित कैम्प में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीनियर सिविल जज पलाश गांगुली के नेतृत्व में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को बताया गया कि गरीब, असहाय, विधवा, वृद्ध, श्रमिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग यदि किसी न्यायालयीन मामले में आर्थिक तंगी के कारण मुकदमा नहीं लड़ पा रहे हैं, तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता एवं अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) 2009 के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षण योजना की जानकारी दी गई तथा पात्र बच्चों के प्रवेश संबंधी नियमों को विस्तार से समझाया गया। साथ ही लोक अदालतों के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया। शिविर में कई ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में लगभग आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस अवसर पर शेखर, रामेन्द्र श्रीवास्तव, अवधेश कुमार, अजमेर सिंह सहित परा विधिक स्वयं सेवक (पीएलवी) तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







