KAUSHAMBI NEWS: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा-एनएमओपीएस ने कड़ा बलाक में सदस्यता व जनजागरूकता अभियान को गति दे दी है। इसी क्रम में गुरुवार को डा. भीमराव अंबेडकर इंटर कालेज, विहामिदपुर में शिक्षकों व कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी आंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अटेवा के जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर चलाए जा रहे सदस्यता व जनजागरूकता अभियान की जानकारी देते हुए शिक्षकों व कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए संगठन की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।
बैठक में संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से कड़ा ब्लाक अध्यक्ष राजीव सिंह व ब्लाक कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार गौड़ की सहमति से राजेश कुमार को अटेवा का ब्लाक महामंत्री मनोनीत किया गया। इस घोषणा का उपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों ने स्वागत करते हुए नवनियुक्त महामंत्री को शुभकामनाएं दीं और सदस्यता अभियान को प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जिला मंत्री ने शिक्षकों से 21 अगस्त को मंझनपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने व 25 सितंबर को लखनऊ में आयोजित विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक व कर्मचारी अपने साथ अन्य साथियों को भी इन कार्यक्रमों से जोड़ें, ताकि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को और मजबूती मिल सके। बैठक में उपस्थित शिक्षकों व कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली तक आंदोलन को पूरी मजबूती के साथ जारी रखने व सदस्यता अभियान को ब्लाक के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







