KAUSHAMBI NEWS: श्रावण माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निकायों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।जारी आदेश में कहा गया है कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त स्थानीय गंगा घाटों से गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा करते हैं। ऐसे में प्रमुख मार्गों पर कांवड़ियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे, इसके लिए पुलिस प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।एसडीएम ने अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू/कड़ा को कांवड़ मार्गों पर सचल चिकित्सा दल तैनात करने तथा आवश्यक दवाओं एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं नगर पंचायत सिराथू, अजुहा एवं दारानगर कड़ाधाम के अधिशासी अधिकारियों को कांवड़ियों के लिए स्वच्छ पेयजल, विश्राम स्थल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।उपजिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।







