Home उत्तर प्रदेश युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे...

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे राहुल गांधी: नवनीत तिवारी

FATEHPUR NEWS:  युवा कांग्रेस नेता नवनीत तिवारी (एडवोकेट) ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर युवाओं और प्रतियोगी छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी छात्रों के संघर्ष को समर्थन देने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज पहुंच रहे हैं। नवनीत तिवारी ने बताया कि प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र लंबे समय से पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। छात्रों के इसी आंदोलन को समर्थन देने के उद्देश्य से राहुल गांधी शाम 6 बजे केपी ग्राउंड (सेंट पीटर्स मैदान) में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा, जिसमें किसी भी दल का झंडा या राजनीतिक गतिविधियां नहीं होंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल छात्रों की समस्याओं को सुनना और उनके मुद्दों पर चर्चा करना है। उन्होंने फतेहपुर जिले के अधिक से अधिक छात्रों से प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। प्रेस वार्ता में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि वे दोपहर 2 बजे दिल्ली से रवाना होकर लगभग 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद आनंद भवन/स्वराज भवन में अल्प विश्राम करेंगे और शाम 6 बजे से 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों के बीच रहेंगे। कार्यक्रम के बाद वे रात 9:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। प्रेस वार्ता में एनएसयूआई छात्र नेता जीत कुमार, अमित मौर्य, मोहित मौर्य, आदित्य द्विवेदी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।