FATEHPUR NEWS: श्रीराम राज्याभिषेक मंडल की संस्थापिका एवं अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद द्वारा मरणोपरांत महिला वैश्य रत्न से सम्मानित स्वर्गीय ममता गुप्ता की तृतीय पुण्यतिथि पर भावना विकलांग केंद्र में श्रद्धांजलि सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों को उपहार, पटका एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा स्व. ममता गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया। भावना विकलांग केंद्र के बच्चों ने ईश-प्रार्थना प्रस्तुत की, जिसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने स्व. ममता गुप्ता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के संरक्षक गिरधारी लाल गुप्ता ने कहा कि स्व. ममता गुप्ता का जीवन सामाजिक सेवा और संगठन के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उनका असमय निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। परिषद के प्रदेश युवा अध्यक्ष शैलेंद्र शरण ‘सिंपल’ ने कहा कि परिषद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद कुमार गुप्ता की धर्मपत्नी स्व. ममता गुप्ता सभी के लिए प्रेरणास्रोत थीं। उनकी पुण्यतिथि पर उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव विनोद कुमार गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं, बल्कि ज्ञान, कौशल और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की प्रक्रिया है, जो व्यक्ति के विचार और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाती है। मुख्य अतिथि प्रगति मिश्रा ने कहा कि समाज को दिव्यांगजनों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य करना चाहिए। परिषद के संरक्षक संजय गुप्ता ने कहा कि किसी व्यक्ति का भौतिक शरीर भले ही समाप्त हो जाए, लेकिन उसके आदर्श और यश सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं। स्व. ममता गुप्ता का कार्यशील जीवन सभी के लिए प्रेरणा बना रहेगा। श्रीराम राज्याभिषेक मंडल के अध्यक्ष फरहत अली सिद्दीकी ने भावना विकलांग केंद्र के बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष एवं सभासद संजय लाला, रामस्वरूप गुप्ता, नारायण गुप्ता, आशीष गुप्ता, नीतीश गुप्ता, नैन्सी गुप्ता, इच्छा गुप्ता, कविता गुप्ता, ज्योत्सना गुप्ता, गुड्डू मोदनवाल, गीता गुप्ता, सुमन गुप्ता, ममता गुप्ता, रज्जन गुप्ता, अमित गुप्ता, वीरेंद्र साहू, संतोष गुप्ता, आनंद गुप्ता, सत्येंद्र अग्रहरि, गुड्डू राइन, दिलीप मोदनवाल, शानवी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







