Home उत्तर प्रदेश न्याय की तलाश में भटक रहीं महिलाएं, आईजी से लगाई फरियाद

न्याय की तलाश में भटक रहीं महिलाएं, आईजी से लगाई फरियाद

JHANSI NEWS: तहसील मऊरानीपुर के ग्राम तालपुरा कटेरा निवासी दो दलित महिलाओं ने अपनी खरीदी गई जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक  से न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थिया सिया देवी एवं पिंकी देवी ने आईजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने मौजा कटेरा स्थित भूमि संख्या 2331, 2330, 2325 एवं 2317 को विधिवत रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदा था। उक्त भूमि का बंटवारा प्रकरण उपजिलाधिकारी न्यायालय मऊरानीपुर में विचाराधीन है तथा न्यायालय द्वारा कुर्रा प्रस्तुत करने के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। शिकायत के अनुसार, लारौन निवासी कुछ लोगों द्वारा उनकी भूमि पर जबरन नींव खोदकर मकान निर्माण कराया जा रहा है। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग तथा जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं का यह भी आरोप है कि उन्हें और उनके परिजनों को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। प्रार्थियाओं ने बताया कि इस मामले की शिकायत क्षेत्राधिकारी पुलिस मऊरानीपुर, उपजिलाधिकारी तथा थाना कटेरा में भी की गई, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि लेखपाल द्वारा भी निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी नहीं माने। महिलाओं ने डीआईजी से मांग की है कि पुलिस के माध्यम से निर्माण कार्य तत्काल रुकवाया जाए, उनकी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि न्याय न मिलने के कारण वे लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।