Home Blog नगर आयुक्त ने तलैया व सैंयर गेट का किया निरीक्षण,अतिक्रमण हटाने व...

नगर आयुक्त ने तलैया व सैंयर गेट का किया निरीक्षण,अतिक्रमण हटाने व नालों की मरम्मत के दिए निर्देश

JHANSI NEWS:  नगर आयुक्त ने शुक्रवार सुबह वार्ड संख्या 47 तलैया एवं वार्ड संख्या 11 सैंयर गेट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, जल निकासी और नगर निगम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मिनर्वा चौराहे से दाऊ समोसे वाली दुकान की ओर जाने वाले मार्ग पर एक टी-स्टॉल द्वारा फुटपाथ पर खाद्य सामग्री तैयार करते हुए पाए जाने तथा एक दुकान द्वारा कवर्ड नाली के ऊपर अतिक्रमण कर दुकान बढ़ाने पर नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को तत्काल अतिक्रमण हटाने एवं जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। मिनर्वा चौराहे से सैंयर गेट जाने वाले मार्ग पर मंदिर के समीप नाले की पुलिया का निरीक्षण किया गया, जहां पुलिया का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता को आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। तलैया स्थित बड़ी मस्जिद के पास नाले की सफाई का कार्य जारी मिला। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को सफाई कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। वहीं यादव दूध डेयरी के पास नाली में सिल्ट पाए जाने पर नियमित सफाई कराने तथा सफाई के बाद फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मिनर्वा के पीछे स्टेट बैंक के सामने सरकारी भूमि पर रखे जनरेटर एवं अवैध पार्किंग की जांच कराने तथा भूमि सरकारी होने पर वहां व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण शुल्क का भुगतान नहीं करने वाले भवन स्वामियों से नियमानुसार शुल्क वसूलने के निर्देश दिए गए। गणेश इंटरप्राइजेज के पास टूटी नाली की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा वहां रखे खोखे को हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा वार्ड संख्या 11 सैंयर गेट में मस्जिद के पास दुकानों द्वारा फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रियंका साहू, राहुल कुमार यादव, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी, मुख्य अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।