Home उत्तर प्रदेश उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध:जिलाधिकारी

उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध:जिलाधिकारी

MIRZAPUR NEWS : सुनील कुमार गुप्ता जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं जीबीसी-5.0 की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाना प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्योगों से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप निवेश और रोजगार सृजन को गति देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
उद्यमियों ने उठाए ये मुद्दे
बैठक में उद्यमियों ने बिजली, सड़क, जलापूर्ति, भूमि, प्रदूषण स्वीकृतियों से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने हर प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्य बिंदुओं पर समीक्षा
1. ODOP-CFC निर्माण: ग्राम रामपुर वासित अली, लालगंज में विन्ध्य स्पीनर्स एण्ड रग्स एसोसिएशन CFC का निर्माण UPSIC द्वारा कराया जा रहा है। विलंब करने पर पुराने ठेकेदार को हटाकर 13.07.2026 से नए ठेकेदार को अधिकृत किया गया है। वर्तमान में कार्य पुनः प्रारंभ हो गया है।
2. अमरावती CFC सड़क: ग्राम अमरावती में कालीन-दरी CFC तक जाने वाली 200 मीटर सड़क जर्जर होने का मुद्दा उठा। DM ने जिला पंचायत को निर्देशित किया कि निविदा पूर्ण कर बजट मांग सुनिश्चित करें। जिला पंचायत ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर बजट की मांग कर ली गई है।
3. भुगतान का मामला: मेसर्स आरिका इंटरप्राइजेज व विराट लैबिको के भुगतान में कोन और जमालपुर का भुगतान शेष है, जिसे अगली बैठक से पूर्व कर दिया जाएगा।
4. अन्य विकास कार्य: नए औद्योगिक आस्थान निर्माण, चुनार औद्योगिक आस्थान में पार्क के रेनोवेशन और राजकीय चीनी पात्र विकास केन्द्र चुनार की बाउंड्रीवॉल निर्माण पर भी निर्देश दिए।
जीबीसी-5.0 का 26,000 करोड़ का लक्ष्य
जिलाधिकारी ने जीबीसी-5.0 की समीक्षा करते हुए जनपद के लिए निर्धारित 26,000 करोड़ के महत्वाकांक्षी निवेश लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए सभी विभागों को तेजी लाने के निर्देश दिए।
युवाओं के लिए रोजगार पर जोर
DM ने उद्यमियों से जनपद में निवेश का दायरा बढ़ाने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार, PD DRDA धर्मजीत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य अधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।