JHANSI NEWS: नगर के दीनदयाल नगर, नंदनपुरा स्थित बनयान ट्री वेल्थ मैनेजमेंट के नवीन कार्यालय का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों, समाजसेवियों एवं आम लोगों ने सहभागिता करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में आर्थिक सशक्तिकरण, वित्तीय अनुशासन, निवेश की सही रणनीति तथा सुरक्षित भविष्य के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संस्था के संचालक परमजीत सिंह ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के समय में केवल धन अर्जित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस धन का सही प्रबंधन और योजनाबद्ध निवेश करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बनयान ट्री वेल्थ मैनेजमेंट का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति और परिवार को उनकी आय, आवश्यकताओं एवं भविष्य के लक्ष्यों के अनुरूप उचित वित्तीय परामर्श उपलब्ध कराना है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकें। उन्होंने बताया कि संस्था विश्वास, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को आधार बनाकर कार्य करेगी। संस्था ग्राहकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दीर्घकालिक वित्तीय योजना, नियमित एवं अनुशासित निवेश, धन वृद्धि तथा आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सही समय पर किया गया सोच-समझकर निवेश भविष्य में आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनता है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय जागरूकता प्रत्येक व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है। यदि व्यक्ति अपनी आय के अनुरूप नियमित बचत और योजनाबद्ध निवेश करता है तो वह भविष्य की आवश्यकताओं, बच्चों की शिक्षा, विवाह, व्यवसाय विस्तार तथा सेवानिवृत्ति जैसी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकता है। इसलिए प्रत्येक परिवार को वित्तीय योजना को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर आशीष गुप्ता, हेमंत राम, साकेत चतुर्वेदी, करण सिंह राजपूत, विनय नरवानी, आशीष तिवारी, मुरलीधर अय्यर, धर्मेंद्र शाक्य, दिनेश प्रसार, उदम राजपूत, प्रमिला राजपूत, मीनाक्षी एवं मुस्कान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे झांसी के लोगों के लिए उपयोगी एवं लाभकारी बताया तथा संचालक परमजीत सिंह को शुभकामनाएं दीं।







