PRATAPGARH NEWS: कालिकन धाम दर्शन करने जा रहे बाइक सवार दो श्रद्धालुओं की मौत को लेकर मंगलवार को परिजनो मे कोहराम मचा दिखा। सांगीपुर थाना क्षेत्र के शिवनंदन का पुरवा भैंसना निवासी राजीव गौतम 18 पुत्र कल्लू गौतम बाइक से आर्यन शर्मा 17 पुत्र सुधीर कुमार शर्मा तथा कुमुद शर्मा 15 पुत्री बबलू शर्मा निवासी भैंसना के साथ कालिकन धाम देवी मां का दर्शन करने सोमवार को जा रहे थे। दोपहर करीब बारह बजे अमेठी जिले के संग्रामपुर थाना के विशेषरगंज मोड़ पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गयी। बाइक सीधे सड़क किनारे पेड़ से टकरा गयी। दुर्घटना में तीनों को गंभीर चोटे आ गयी। दुर्घटना देख बाजार में व्यापारियों तथा राहगीर वहां पहुंच गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अमेठी जिले के गौरीगंज स्थित असैदापुर अस्पताल पहुंचवाया। यहां चिकित्सकों ने बाइक चालक राजीव को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो गंभीर रूप से चुटहिल को प्रारंभिक उपचार के बाद रायबरेली एम्स रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान एम्स में आर्यन की भी रात में मौत हो गयी। मौत की सूचना घर पहुंची तब परिजनों में कोहराम मच गया।







