Home उत्तर प्रदेश तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत दूसरा...

तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, एक की मौत दूसरा गंभीर

FATEHPUR NEWS: हथगाम थाना क्षेत्र में फातिमा पब्लिक स्कूल के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद लोडर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बहलोल की सराय गांव निवासी मोहम्मद आबिद (20) पुत्र लियाकत अली और फहद अली (17) पुत्र वाहिद अली शुक्रवार सुबह मोटरसाइकिल की सर्विस कराने हथगाम जा रहे थे। इसी दौरान फातिमा पब्लिक स्कूल के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोहम्मद आबिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फहद अली गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल फहद अली को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक मोहम्मद आबिद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं स्थानीय पुलिस फरार लोडर चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।