Home उत्तर प्रदेश बेला गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान, गलियों से लेकर रास्तों तक...

बेला गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान, गलियों से लेकर रास्तों तक भरा पानी

FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की मवई ग्राम सभा के बेला गांव में जलभराव की समस्या से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव की गलियों से लेकर आने-जाने वाले रास्तों तक पानी और कीचड़ जमा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें इसी पानी और कीचड़ से होकर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले गांव में बारिश के पानी की निकासी आसानी से हो जाती थी, लेकिन अब जल निकासी का रास्ता अवरुद्ध होने के कारण पानी गांव में ही जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जल निकासी वाले रास्ते पर मकानों और अन्य निर्माण कार्यों के कारण पानी की निकासी बाधित हुई है। स्थानीय ग्रामीण ने आरोप लगाया कि जल निकासी के रास्ते में ग्राम प्रधान के करीबी व्यक्ति द्वारा निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एक ग्रामीण ने बताया कि समस्या की शिकायत करने पर उन्हें प्रार्थना पत्र देने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में वोट की राजनीति के चलते उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद जलभराव की स्थिति जस की तस बनी हुई है। लगातार पानी जमा रहने से ग्रामीणों को गंदगी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप का भी डर सता रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द जल निकासी नहीं कराई गई तो दूषित वातावरण के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से बेला गांव का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल निकासी के अवरुद्ध रास्ते की जांच कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान कोई भी हो, उसका कार्यकाल आता-जाता रहता है, लेकिन गांव के विकास में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। ग्रामीणों की मांग है कि सबका साथ, सबका विकास” का संदेश गांव के हर व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाओं के रूप में पहुंचे और बेला गांव को जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिले।