Home उत्तर प्रदेश खूनी वारदात के बाद पीड़ित परिवार से मिले विधायक राजेंद्र पटेल

खूनी वारदात के बाद पीड़ित परिवार से मिले विधायक राजेंद्र पटेल

FATEHPUR NEWS: औंग थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में हुई खूनी वारदात के बाद जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेंद्र सिंह पटेल शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। विधायक ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के दौरान दामाद ने ससुराल पक्ष के लोगों पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले के दौरान आत्मरक्षा में दामाद की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव के साथ ही तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पीड़ित परिवार के घर पहुंचे विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने परिजनों से घटना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा और इस कठिन समय में वह उनके साथ हैं। उधर, घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा जुटाए जा रहे साक्ष्यों और जांच के बाद ही वारदात की वास्तविक परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।