PRAYAGRAJ NEWS: भीषण गर्मी व तपती धूप से परेशान राहगीरों को राहत देने के लिए कस्बा के पलयें स्थित लखनऊ-वाराणसी बाईपास पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर हाईवे पर शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह पुनीत कार्य दोपहर 11 बजे से ही शुरू हो गया था, जो शाम को 4 बजे तक लगातार चलता रहा। कार्यकर्ताओं ने रास्ते से गुजरने वाले हर राहगीर का ख्याल रखा। चाहे बाइक सवार हों, टेंपो या बस में बैठे यात्री, या फिर किसी धार्मिक आयोजन में निकले श्रद्धालु, सभी को रोक-रोककर बड़े ही आदर और श्रद्धाभाव के साथ ठंडा- मीठा शरबत पिलाया गया। इस चिलचिलाती धूप में ठंडा शरबत पाकर यात्रियों के चेहरे खिल उठे। अधिकांश लोगों ने ग्रामीणों की इस सेवा की जमकर तारीफ की। इस सेवा के कार्य में गांव के कई गणमान्य लोग व समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन को सफल बनाने में नेशनल एंटी करप्शन एंड ह्यूमन राइट काउंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव शारदा प्रसाद पटेल, राममूरत पटेल (भगत), चेतराम पटेल, दिनेश पटेल, रामेंद्र गौतम, मुलायम पटेल, मैकूलाल, सम्मल पटेल, उमेश कुमार, संदीप कुमार, राधिका पटेल आदि ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। ऐसे आयोजन आगे भी होते रहेंगे।







