Home उत्तर प्रदेश शेमफोर्ड स्कूल में गरिमामय माहौल में हुआ इन्वेस्टिचर व शपथ ग्रहण समारोह

शेमफोर्ड स्कूल में गरिमामय माहौल में हुआ इन्वेस्टिचर व शपथ ग्रहण समारोह

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) शेमफोर्ड स्कूल नटवा में शुक्रवार को बड़े ही गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी एवं नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए, जिससे उनमें नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सेवा-भाव का विकास हो सके। समारोह के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल कैप्टन, स्कूल वाइस कैप्टन, डिसिप्लिन कैप्टन, डिसिप्लिन वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, स्पोर्ट्स वाइस कैप्टन, हाउस कैप्टन, हाउस वाइस कैप्टन, सीसीए कैप्टन, सीसीए वाइस कैप्टन, वॉलंटियर सहित विभिन्न पदों की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। नव-निर्वाचित छात्र-छात्राओं ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि  डॉक्टर रश्मि बरनवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ पालन करने की प्रेरणा है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय एवं समाज का आदर्श प्रतिनिधि बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर विवेक बरनवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और मूल्य सीखने की जगह भी है। उन्होंने छात्र नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व क्षमता केवल पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही बच्चे सही राह चुनते हैं। अंत में, उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ समय बिताएं और उनके मनोबल को बढ़ाएं। समारोह के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने सभी नव-नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सेवा-भाव एवं विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे समारोह के दौरान उत्साह, अनुशासन एवं गौरव का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर सभी शिक्षक गण एवं अभिभावक उपस्थित रहे । विद्यालय परिवार ने नव-नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की।