Home उत्तर प्रदेश डीएम सैमुअल पॉल की सख्ती: अपात्रों को न मिले सरकारी योजनाओं का...

डीएम सैमुअल पॉल की सख्ती: अपात्रों को न मिले सरकारी योजनाओं का लाभ, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल पात्र लोगों तक ही पहुंचे और किसी भी अपात्र व्यक्ति को इसका फायदा न मिले। बैठक में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्माण कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। मनरेगा की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने और श्रमिकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। आगामी पौधरोपण अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अभी से गड्ढा खुदान, पौध तैयार करने और नर्सरियों का निरीक्षण शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में बड़े स्तर पर पौधरोपण की व्यापक संभावनाएं हैं। फॉर्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कम प्रदर्शन वाले विकास खंडों के अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने पीएम कुसुम योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, दिव्यांगजन, पशुपालन, मत्स्य, सेवायोजन, श्रम और सीएम युवा उद्यमी विकास योजना समेत कई विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।