बच्चों व गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर
FATEHPUR NEWS: जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शनिवार को उपकेन्द्र हुसैनगंज में आयोजित वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस) सत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर 12 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका था, जबकि 15 बच्चों का टीकाकरण शेष पाया गया। बच्चों के ग्रोथ चार्ट भी भरे हुए मिले। वहीं 6 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण होना बाकी था, जबकि 4 महिलाओं का टीकाकरण और एएनसी चेकअप किया जा चुका था। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के बीपी, शुगर और यूरिन की जांच सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वीएचएनडी सत्र में आने वाली महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए और सभी अनुमन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने नियमित सुपरविजन बनाए रखने तथा किए जा रहे कार्यों की समय से संबंधित पोर्टल पर फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान सुपरवाइजर प्रशांत भारती, एएनएम अनुपम चौधरी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री मिथलेश कुमारी, आशा कार्यकर्ता माया देवी सहित अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।







