BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जनपद मुख्यालय को स्वच्छ, व्यवस्थित, यातायात अनुकूल एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने नगर पालिका परिषद बलरामपुर क्षेत्र का व्यापक पैदल भ्रमण कर शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वीर विनय चौराहे से अंबेडकर चौराहा, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, मेजर चौराहा तथा चौक क्षेत्र तक पैदल भ्रमण कर नालों एवं नालियों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में नालियों एवं नालों की नियमित सफाई के साथ-साथ उनके टैपिंग कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि टैपिंग के माध्यम से गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, जिससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा तुलसीपुर पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि नालों एवं नालियों की सफाई तथा टैपिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र इसका लाभ प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख चौराहों पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों एवं पोल शिफ्टिंग की प्रगति का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पूर्व सभी प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण कर लिया जाए, जिससे नगर का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दे तथा नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने किए गए निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने एवं आमजन की सुविधा के लिए सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना अत्यंत आवश्यक है। यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी नगर को वीर विनय चौराहे पर ‘नो वेंडिंग जोन’ विकसित करने तथा वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था से जाम की समस्या में कमी आएगी तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को जिलाधिकारी ने शहर में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मल्टी लेवल पार्किंग विकसित किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ करने एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। पैदल भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रस्तावित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण एवं संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर मॉड्यूलर ओटी से संबंधित कार्य समयबद्ध ढंग से संपन्न कराया जाए, ताकि जनपदवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, सुचारु यातायात, प्रभावी जल निकासी तथा बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। प्रत्येक परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्री हेमंत गुप्ता, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलरामपुर , सहायक अभियंता जल निगम शहरी वैभव पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







