Home उत्तर प्रदेश कुशीनगर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन, 104 युवाओं का विभिन्न...

कुशीनगर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन, 104 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन

KUSHINAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन योजनान्तर्गत आज दिनांक 14 जुलाई 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पडरौना परिसर में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फूलबदन कुशवाहा, माननीय सदस्य, राज्य पिछड़ा आयोग ने फीता काटकर रोजगार मेले का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय आईटीआई परिसर में वृक्षारोपण भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने रोजगार मेले को “रोजगार आपके द्वार” की सार्थक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों का लाभ उठाने का आह्वान किया। रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेले में कुल 8 प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें फ्लुएन्ट ग्रीड (मीटर रीडर), भारत फोर्स मोटर्स प्रा.लि., महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा प्रा.लि., एमआरएफ प्रा.लि., टाटा क्यूमिन्स प्रा.लि., टीडीके प्रा.लि., लेनोवो ग्रुप ऑफ कम्पनीज तथा स्वतंत्र फीन लिमिटेड शामिल रहीं। रोजगार मेले में कुल 315 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दिया। साक्षात्कार के उपरांत 104 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में रोजगार हेतु किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को ₹10,000 से ₹25,000 प्रतिमाह तक का वेतन प्राप्त होगा। इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन श्री आलोक कुमार मौर्य, जिला कौशल प्रबंधक श्री अभय श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री विनय पाण्डेय, श्री आर्यन श्रीवास्तव, बीपीएम एवं मेला प्रभारी श्री मुकुल कुमार सहित समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।