Home उत्तर प्रदेश जनपद में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 105 युवाओं का चयन, 20...

जनपद में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 105 युवाओं का चयन, 20 को मौके पर मिले नियुक्ति पत्र

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) विश्व कौशल दिवस पर जनपद में स्थित राजकीय आईटीआई, कटरा शंकर नगर (टीटीएल भवन) में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़ते हुए उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था। यह पहल प्रदेश सरकार की युवाओं को कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। रोजगार मेले में कुल 160 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों की 10 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के उपरांत 105 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जबकि 20 चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम स्थल पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरे पर उत्साह एवं आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कौशल, प्रशिक्षण और रोजगार का समन्वय ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल का निरंतर विकास करते हुए उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद डॉ. पवन कुमार शुक्ल,  मंडल अध्यक्ष बलरामपुर श्री सोनू मिश्रा, जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन श्री मैथिली शरण, प्लेसमेंट अधिकारी श्री आशीष भूषण, एमआईएस मैनेजर श्री पंकज सिंह, श्री वकील अहमद, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री सत्यम कुमार शुक्ल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्री रवि शंकर, श्री भानु प्रताप यादव, श्री सुरेश तथा श्री प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। कौशल विकास मिशन द्वारा भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास निरंतर किए जाएंगे।