Home उत्तर प्रदेश ट्रांसफार्मर ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत

ट्रांसफार्मर ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन की मौत

PRATAPGARH NEWS: कंधई थाना क्षेत्र के मीरनपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में लाइनमैन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बहादुर यादव (लगभग 50 वर्ष) निवासी कंधई (मधुपुर) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बहादुर यादव चिलबिला ईस्ट की लाइन ठीक करने के लिए मीरनपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे लगे ट्रांसफार्मर पर चढ़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लाइन बनाने के दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बहादुर यादव अकेले ही ट्रांसफार्मर ठीक करने पहुंचे थे। घटना के समय शटडाउन लिया गया था या नहीं, इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।