JAUNPUR NEWS: प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं तथा अपने विभाग से जुड़े लोगों की स्व-गणना करानी होगी। उन्होंने बताया कि ीजजचेरूध्ध्ेम.बमदेने.हवअ.पदध् पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद 33 बिंदुओं पर जानकारी मांगी जाएगी। एक बार डिजिटल माध्यम से सही सूचना दर्ज होने के बाद बार-बार जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जनपद स्तर पर विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग तिथियां तय कर विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि स्व-गणना के कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक करें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा ने कहा कि पोर्टल पर मांगी गई सूचनाएं सावधानीपूर्वक और सटीक रूप से भरी जाएं। अंतिम सबमिट से पहले डाटा का मिलान कर लें तथा प्राप्त एसई-आईडी सुरक्षित रखें। प्रेस वार्ता में जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि युवराज गर्ग ने पोर्टल पर पंजीकरण, सत्यापन, स्थान पहचान और डाटा फीडिंग की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान एडीएम भू-राजस्व अजय अंबष्ट, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।







