Home उत्तर प्रदेश जिला प्रोबेशन कार्यालय में नियुक्तियों पर उठे सवाल, जांच के आदेश

जिला प्रोबेशन कार्यालय में नियुक्तियों पर उठे सवाल, जांच के आदेश

KUSHINAGAR NEWS: जिला प्रोबेशन कार्यालय में नियुक्तियों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि निवर्तमान जिला प्रोबेशन अधिकारी/केस वर्कर ध्रुवचंद्र त्रिपाठी के कार्यकाल में नियमों की अनदेखी कर एक ही वर्ग के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देते हुए नियुक्तियां की गईं। बताया जा रहा है कि अब तक चार अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि तीन की ज्वाइनिंग प्रक्रिया जारी है और पांच अन्य पदों पर चयन की तैयारी चल रही है। शिकायत में यह भी आरोप है कि ध्रुवचंद्र त्रिपाठी 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद भी कार्यालय में सक्रिय हैं और सीयूजी नंबर का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही प्रभारी अधिकारी अरुण कुमार दुबे व सेवा प्रदाता एजेंसियों की मिलीभगत से अवैध वसूली कर नियुक्तियां कराने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं में भी बिना अनुमोदन के अपात्र भुगतान कराने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में अभिषेक कुमार यादव ने जिलाधिकारी को शपथ पत्र देकर त्रिस्तरीय जांच समिति गठित करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जांच अपर जिलाधिकारी को सौंप दी है।