MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष एडवोकेट दिलीप सिंह गहरवार की अध्यक्षता में शनिवार को जिला मुख्यालय पर जातिगत आरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि भारत सर्वधर्म समभाव वाला देश है, जहां सभी नागरिकों को समान अवसर मिलना चाहिए। जातिगत आरक्षण व्यवस्था से समाज में भेदभाव और संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। योग्यता के आधार पर अवसर न मिलने से युवा वर्ग में कुंठा बढ़ रही है। करणी सेना ने मांग की है कि जाति के आधार पर दिया जा रहा आरक्षण समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किया जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षण संस्थानों और नौकरियों में जातिगत आरक्षण के कारण योग्य छात्रों को अवसर नहीं मिल पा रहा है, जबकि कम अंक वाले छात्र प्रवेश ले रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देश में असंतोष बढ़ेगा। प्रदर्शन के दौरान भारतीय स्वर्ण संघ और जन स्वर्ण संगठन के पदाधिकारियों ने भी समर्थन दिया। इस मौके पर पूर्वांचल सचिव अभिषेक सिंह, रत्नेश सिंह, आदित्य मिश्रा, शाश्वत सिंह, अमित सिंह, वैभव सिंह गहरवार, धर्मेश दुबे, मनोज पांडेय, मुकेश त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







