Home उत्तर प्रदेश मड़िहान थाना समाधान दिवस पर मंडलायुक्त व डीआईजी ने सुनीं जन समस्याएं 

मड़िहान थाना समाधान दिवस पर मंडलायुक्त व डीआईजी ने सुनीं जन समस्याएं 

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  थाना समाधान दिवस के अवसर पर विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने जनपद के थाना मड़िहान पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान हो। भूमि विवाद, चकरोड और अवैध कब्जे जैसी शिकायतों के संबंध में मंडलायुक्त व डीआईजी ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर गंभीरतापूर्वक एवं निष्पक्ष तरीके से समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना प्रभारी को असामाजिक तत्वों की पहचान कर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया। कार्यक्रम में फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। मंडलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए।