MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) विंध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश और पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने आश्रम पद्धति विद्यालय, मड़िहान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भोजनालय, किचन, किचन स्टोर, बालिका छात्रावास और शौचालयों की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया तथा परिसर में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने नीट और जेईई की तैयारी कर रही छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन व सुविधाओं की जानकारी ली। भोजनालय में बैठने की व्यवस्था, बर्तनों की सफाई और आरओ पानी की व्यवस्था देखी गई। मण्डलायुक्त ने स्वयं भोजन की गुणवत्ता परखी। किचन और स्टोर में दाल, चावल, आटा, तेल, मसालों की गुणवत्ता व स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। सब्जियां ताजी पाई गईं। उन्होंने निर्देश दिया कि भोजन मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गरम उपलब्ध कराया जाए। रसोइए टोपी, एप्रन और दस्ताने जरूर पहनें तथा किचन में जाली लगी हो, ताकि मक्खी-मच्छर न आ सकें। बालिका छात्रावास के कमरों में बेड, लाइट, पंखा और अलमारी की स्थिति देखी गई। बाथरूम व शौचालयों में पानी, फिनाइल और सेनेटरी सुविधाओं की जांच के दौरान कुछ नल टपकते मिले, जिन्हें तुरंत ठीक कराने का आदेश दिया गया। छात्रावास अधीक्षिका को सख्त निर्देश दिए गए कि शौचालयों की सुबह-शाम दो बार सफाई हो, सेनेटरी नैपकिन, साबुन और डिटर्जेंट की कमी न हो, सीसीटीवी निरंतर चालू रहें तथा महिला सुरक्षाकर्मी 24 घंटे तैनात रहें। बिना पास के किसी भी पुरुष कर्मचारी को बालिका छात्रावास में प्रवेश न दिया जाए। विद्यालय में अनुसूचित जाति की 100 से अधिक छात्राएं निःशुल्क कोचिंग लेकर नीट और जेईई की तैयारी कर रही हैं। कक्षाओं में छात्राओं से वार्ता के दौरान बताया गया कि पढ़ाई सामान्य रूप से चल रही है, लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री के लिए अतिरिक्त मॉक टेस्ट व पुस्तकों की आवश्यकता है। मण्डलायुक्त ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिया कि लाइब्रेरी में एनसीईआरटी के साथ कोचिंग मॉड्यूल और सैंपल पेपर उपलब्ध कराए जाएं। हर रविवार पूर्ण सिलेबस टेस्ट कराया जाए तथा कमजोर छात्राओं के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं। डीआईजी पूनम ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे डॉक्टर-इंजीनियर बनकर समाज की तस्वीर बदलेंगी। अनुशासन और मेहनत ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सुरक्षा को लेकर बताया कि विद्यालय के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा छात्राओं के लिए हेल्पलाइन नंबर चस्पा किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







