Home उत्तर प्रदेश जज को बम से उड़ाने की धमकी, न्यायालय परिसर में हाई अलर्ट

जज को बम से उड़ाने की धमकी, न्यायालय परिसर में हाई अलर्ट

JHANSI NEWS: जिला एवं सत्र न्यायालय के जज आदित्य चतुर्वेदी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। डाक के माध्यम से भेजे गए धमकी भरे पत्र के मिलते ही न्यायालय प्रशासन और पुलिस महकमा सतर्क हो गया। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
धमकी भरे पत्र में आरोप लगाया गया है कि जज आदित्य चतुर्वेदी ने कई मामलों में एक विशेष समुदाय के निर्दोष लोगों को सजा सुनाई है, जिससे उनके परिवार तबाह हो गए। पत्र में 7 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच न्यायालय परिसर में बम विस्फोट कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को पत्र प्राप्त होने के बाद न्यायालय के अधिकारियों ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल न्यायालय परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बिना जांच के किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जज आदित्य चतुर्वेदी और उनके आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह किसी शरारती तत्व की हरकत प्रतीत हो रही है। पत्र भेजने वाले ने अपना नाम मो. सलीम मंसूरी बताया है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस डाक के माध्यम और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।