PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के रानीगंज से लापता 12 वर्षीय छात्र हर्ष सिंह गुरुवार तड़के नैनी रेलवे स्टेशन पर सकुशल मिल गया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कीसतर्कता से छात्र को बरामद किया गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे अपने साथ घर ले गए, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली।
रानीगंज निवासी धर्मेंद्र सिंह का पुत्र हर्ष सिंह जेनिथ मॉडल स्कूल, रानीगंज में कक्षा सात का छात्र है। बुधवार को स्कूल से घर लौटने के बाद परिजनों ने उसे पढ़ाई को लेकर डांटा था। इसके बाद वह दोपहर करीब तीन बजे घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा।
काफी तलाश के बाद भी हर्ष का पता नहीं चलने पर परिजनों ने शंकरगढ़ थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस ने इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। गुरुवार तड़के करीब चार बजे नैनी रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान जीआरपी जवानों ने प्लेटफॉर्म पर लेटे एक बच्चे को देखा। पूछताछ करने पर उसकी पहचान हर्ष सिंह के रूप में हुई। जीआरपी ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य नैनी स्टेशन पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद छात्र को अपने साथ घर ले गए। शंकरगढ़ पुलिस ने बताया कि छात्र के सकुशल मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में किसी अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने जीआरपी पुलिस को धन्यवाद ज्ञापित किया।







